Skip to main content
Advertisement1200×100-inside-1

ब्राजील में लुला का राष्ट्रपति पद पर फिर से आगमन, दक्षिणपंथी ताकतों को बड़ा झटका

ब्राजील के वामपंथी नेता लुइज इनासियो लुला दा सिल्वा ने खास पुनरागमन करते हुए राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की है। 80 वर्षीय लुला चौथी बार राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे चरण में दक्षिणपंथी प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो को मामूली मत अंतर से हराया है। रविवार को हुए मतदान की लगभग सभी मतगणना के अनुसार लैटिन अमेरिका के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश ब्राजील में लुला ने 51.76 प्रतिशत वोट प्राप्त किए। जेल में बंद पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के पुत्र फ्लावियो ने 48.24 प्रतिशत वोट पाए।

लुला की जीत कई चुनावी सर्वेक्षणों की भविष्यवाणियों के विपरीत आई है। कई सर्वेक्षणों ने फ्लावियो बोल्सोनारो को थोड़ा बढ़त दी थी। इसी महीने की शुरुआत में हुए पहले चरण के मतदान में भी 45 वर्षीय सीनेट सदस्य फ्लावियो ने लुला को लगभग दो प्रतिशत अंक से पीछे छोड़ दिया था। लुला इससे पहले 2003 से 2010 तक ब्राजील के राष्ट्रपति रह चुके हैं। हालांकि, रविवार के मतदान प्रक्रिया विवादमुक्त नहीं रही। मतदान केंद्र बंद होने के निश्चित समय के करीब सर्वोच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश ने मतदान अवधि दो घंटे बढ़ाने का आदेश दिया था।

Advertisement1200×100-inside-1

ब्राज़ील के कई मतदाता मतदान स्थल तक पहुँचने के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं, जिससे यातायात समस्याओं के कारण मतदान पर असर पड़ने की चिंताएं व्यक्त की गई थीं। लैटिन अमेरिका में दक्षिणपंथी दलों की चुनावी सफलताओं की श्रृंखला को चुनौती देते हुए लुला की फिर से जीत इस क्षेत्र में अमेरिकी प्रभाव बढ़ाने की महत्वाकांक्षा को कमजोर कर सकती है। लुला का नया कार्यकाल आगामी 5 जनवरी से शुरू होगा। देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई चुनौतियों के बीच वे कार्यभार संभालेंगे।

लुला को चीन के प्रति मित्रवत दृष्टिकोण रखने वाला नेता माना जाता है। फ्लावियो बोल्सोनारो ने ब्राजील को अमेरिका के और करीब लाने की प्रतिबद्धता जताई थी। इसके विपरीत, लुला ने अमेरिका को ब्राजील के चुनाव में हस्तक्षेप न करने चेतावनी दी थी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था, “ब्राजील कभी किसी का पिछलग्गु नहीं बनेगा।” लुला की जीत व्हाइट हाउस को निराश कर सकती है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ताओं ने इसका स्वागत किया है। चुनाव से पहले लुला ने इस प्रतिस्पर्धा को “ब्राजील के लिए निर्णायक मोड़” बताया था।

featured, special