गर्मियों में आरामदायक इंटिमेट वेयर कैसे चुनें?
गर्मी के मौसम की शुरुआत होते ही तापमान बढ़ने लगता है, पसीना अधिक आता है और शरीर में अस्थायी असहजता महसूस हो सकती है। ऐसी स्थिति में लोग आमतौर पर बाहरी कपड़ों का चयन करते वक्त सावधानी बरतते हैं, लेकिन इंटिमेट वेयर की महत्ता को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। सीधे शरीर के संपर्क में आने वाले इंटिमेट वेयर का सही चयन गर्मी के समय आराम प्रदान करने के साथ-साथ त्वचा संबंधी समस्याओं, बदबू और संक्रमण से बचाने में मदद करता है। गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए पसीना निकलना प्राकृतिक प्रक्रिया है। लेकिन यदि पसीना लंबे समय तक त्वचा पर जमे रहता है, तो यह बैक्टीरिया और फंगस के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करता है। खासकर बगलों, स्तन के नीचे, जांघ के अंदरूनी हिस्से और जननांगों के आसपास के क्षेत्र ज्यादा प्रभावित होते हैं, इसलिए गर्मी के मौसम में इंटिमेट वेयर चुनते समय केवल फैशन या डिजाइन ही नहीं, बल्कि कपड़े की गुणवत्ता, आकार, आराम और स्वास्थ्य पहलुओं को भी ध्यान में रखना आवश्यक होता है।
गर्मियों में इंटिमेट वेयर का सही चयन क्यों महत्वपूर्ण है? मानव शरीर में लाखों पसीना निकलने वाले ग्रंथियां होती हैं। गरम मौसम में शरीर को ठंडा रखने के लिए ये ग्रंथियों से पसीना निकलता है। यदि पहना गया इंटिमेट वेयर पसीने को सोख नहीं पाता, तो त्वचा लंबे समय तक भीगी रहती है जिससे रैश, खुजली, बदबू, फंगल संक्रमण और जलन जैसी समस्याएँ हो सकती हैं। गर्मी में इंटिमेट वेयर चुनते समय मुख्यतः तीन बातों का ध्यान देना चाहिए – कपड़े की सामग्री, हवा का आवागमन और आरामदायक फिट।
सन् 2018 में हार्वर्ड टी.एच. चान स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ की लिडिया मिंगुएज अलार्कोन के नेतृत्व में एक शोध किया गया जो प्रतिष्ठित ‘ह्यूमन रिप्रोडक्शन’ वैज्ञानिक जर्नल में प्रकाशित हुआ। इस अध्ययन में 656 पुरुषों ने भाग लिया। शोध में खुला (ढीला) इंटिमेट वेयर पहनने वाले पुरुषों के शुक्राणु की गति और कुल शुक्राणु संख्या अधिक पाई गई, जिसका संभावित कारण अंडकोष के आसपास तापमान कम होना माना गया। अमेरिकी कॉलेज ऑफ ऑब्स्टेट्रिशियंस एंड गायनेकोलॉजिस ने महिलाओं को बहुत तंग कपड़े न पहनने और कम से कम एक कपास की परत वाले इंटिमेट वेयर का उपयोग करने की सलाह दी है। इससे संवेदनशील अंगों के आसपास हवा का आवागमन बेहतर होता है और अनावश्यक ठंडक व जलन कम होती है।