Skip to main content

चीन में 32.5 करोड़ डॉलर रिश्वत लेने वाले सरकारी अधिकारी को मृत्युदण्ड

पूर्वी चीन की एक अदालत ने पिछले 30 वर्षों में 2.2 अरब युआन (32 करोड़ 50 लाख डॉलर) से अधिक रिश्वत लेने के आरोप में एक पूर्व नगर अधिकारी को मृत्युदण्ड की सजा सुनाई है। 1993 से 2023 तक नानजिंग शहर में विभिन्न पदों पर कार्यरत 69 वर्षीय यांग यूलिन को धन के दुरुपयोग, पद के दुरुपयोग और संपत्ति शोधन के मामलों में दोषी ठहराया गया है। उनके अवैध तरीकों से अर्जित की गई यह राशि हाल के वर्षों में इस प्रकार की सबसे बड़ी राशि में से एक मानी जाती है। चीन सरकार के नियंत्रित मीडिया के अनुसार यांग ने रकम और मूल्यवान वस्तुएं लेकर दूसरों को ठेका देने, जमीन उपलब्ध कराने और आर्थिक सहायता जुटाने में पद का दुरुपयोग किया था।

राष्ट्रपति शी चिनफिंग के भ्रष्टाचार के ख़िलाफ अभियान के तहत यांग के खिलाफ जांच की गई थी। इस अभियान में सैन्य अधिकारियों से लेकर उच्च स्तरीय बैंकिंग क्षेत्र कर्मियों तक शामिल हैं। चांग्जो शहर स्थित अदालत ने सोमवार को बताया कि यांग ने “अत्यंत गंभीर अपराध” किए थे और “राज्य तथा जनता के हितों को असाधारण रूप से बड़ा नुकसान पहुँचाया था।” राष्ट्रपति शी के सत्ता में आने के बाद से यह भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि आलोचक इसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को निष्प्रभावी करने के लिए एक उपकरण भी मानते हैं।

चीन में आर्थिक और व्यावसायिक अपराधों के लिए तुरंत मृत्युदण्ड आम तौर पर नहीं दिया जाता है, लेकिन 1 अरब युआन से अधिक की राशि शामिल होने पर कभी-कभी यह सजा सुनाई जाती है। इससे पहले पूर्व आर्थिक अधिकारी लाई शाओमिन को 2021 में 1.8 अरब युआन रिश्वत लेने के आरोप में मृत्युदण्ड दिया गया था। वे 2018 में गिरफ्तार हुए थे। इनर मंगोलिया के पूर्व अधिकारी ली जियानपिंग को 2024 में 3 अरब युआन से अधिक रिश्वत लेने के मामले में मृत्युदण्ड की सजा दी गई थी।

अदालतों ने कई मामलों में जेल या निलंबित मृत्युदण्ड की सजा सुनाई है, जो निश्चित अवधि के बाद आजीवन कारावास में परिवर्तित हो जाती है। दोषी अगर अन्य अपराधियों की जानकारी देकर सहयता करते हैं तो उनकी सजा कम भी हो सकती है, और यांग ने भी अधिकारियों को सहयोग किया था। लेकिन अदालत ने उनके अपराध को “गंभीर” बताते हुए सजा कम करने के लिए अपर्याप्त माना है। चीनी सरकारी मीडिया के अनुसार यांग ने अंतिम बयान में अपनी गलती स्वीकार करते हुए अपने कार्य के प्रति “गहरी पश्चाताप” व्यक्त की।

जवाफ लेख्नुहोस्

तपाईँको इमेल ठेगाना प्रकाशित गरिने छैन। अनिवार्य फिल्डहरूमा * चिन्ह लगाइएको छ