मेटा ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के विज्ञापनों में ‘एआई डिस्क्लोजर टैग’ जोड़ा
मेटा कंपनी ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के विज्ञापनों में एआई द्वारा उत्पन्न सामग्री के लिए नए लेबल या टैग का प्रावधान किया है। यह बदलाव कंपनी ने हाल ही में अपनी विज्ञापन डिस्क्लोजर सूची में किये गए सामान्य अपडेट्स के अनुरूप पेश किया है। अब से एआई टूल्स का उपयोग कर बनाए गए फेसबुक और इंस्टाग्राम के विज्ञापनों में ‘About this Ad’ सेक्शन के अंदर डिस्क्लोजर एलिमेंट शामिल किया जाएगा। उपयोगकर्ता किसी भी प्रमोटेड पोस्ट के ऊपर स्थित ‘तीन डॉट’ मेन्यू में टैप करके यह विवरण देख सकेंगे।
मेटा के अनुसार, एआई-जनित सामग्री की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कंपनी अपने स्वयं के एआई टूल्स के साथ-साथ फोटोशॉप, डाली जैसे अन्य थर्ड-पार्टी जेनेरेटिव एआई टूल से बनी या संपादित विज्ञापन सामग्री को स्वचालित रूप से लेबल करेगी। विज्ञापनदाताओं द्वारा किसी तस्वीर या वीडियो का निर्माण या उसमें महत्वपूर्ण संपादन के लिए बैकग्राउंड जनरेशन, इमेज जनरेशन या एड एनीमेशन जैसी सुविधाओं का उपयोग करने पर, मेटा ऐसे विज्ञापन पर स्वतः ‘AI Info’ लेबल लगाएगा।
इसी प्रकार, यदि कोई विज्ञापन थर्ड-पार्टी जेनेरेटिव एआई टूल से बना या संपादित पाया जाता है, तब भी मेटा उन विज्ञापनों पर ये लेबल जोड़ देगा। बाहरी एआई टूल के उपयोग का पता लगाने के लिए मेटा ‘सीटूपीए’ नामक प्रणाली का इस्तेमाल करेगा, यह कंपनी ने स्पष्ट किया है। जब यह प्रणाली ऐसे मेटाडेटा को पहचानती है, तो सामग्री को तदनुसार लेबल किया जाता है।
समुदाय की अपेक्षा और एआई तकनीक के विकास के साथ विज्ञापनदाताओं, नीति निर्धारकों और उद्योग भागीदारों के सहयोग से एआई सामग्री को लेबल करने के इस दृष्टिकोण को कंपनी आगे भी सुधारती रहेगी। यह नया अपडेट मेटा द्वारा कुछ महीने पूर्व अपने इन-स्ट्रीम विज्ञापन के लेबल को ‘Sponsored’ से ‘Ad’ में बदलने के बाद आया है। यह व्यवस्था एआई सामग्री के विषय में अधिक स्पष्टता प्रदान करेगी, जिससे विज्ञापनों में संभावित भ्रामक या गलत प्रस्तुतियों की पहचान या रोकथाम में मदद मिलेगी। मेटा पहले ही सामान्य उपयोगकर्ताओं द्वारा पोस्ट की जाने वाली ऑर्गेनिक सामग्री के लिए एआई डिस्क्लोजर टैग का प्रावधान कर चुका है।