
फ्रांस और स्पेन में जंगल की आग पर काबू पाने की जद्दोजहद, हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
फ्रांस के बोर्डो के पास फैली भयंकर जंगल की आग को नियंत्रण में लाने के लिए अग्निशमनकर्मी लगातार प्रयास कर रहे हैं। आग की वजह से आसपास के इलाकों से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। फ्रांस के गृह मंत्री लोराँ नुन्यज ने कहा है कि इस क्षेत्र की स्थिति अभी भी “बेहद प्रतिकूल” है तथा आग “अनियमित रूप से” बोर्डो की ओर फैल रही है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल बोर्डो शहर को खाली कराने की जरूरत नहीं बताई है। शनिवार रात से रविवार सुबह तक बोर्डो के दक्षिणी गांवों से लगभग 55,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यह क्षेत्र अंगूर की खेती के लिए प्रसिद्ध है।
पिछले एक सप्ताह से यूरोप के विभिन्न हिस्सों में, विशेष रूप से फ्रांस और स्पेन में जंगल की आग लगी हुई है। इन दोनों देशों में अब तक 3 लाख 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा चुका है। फ्रांस जंगल की आग से सबसे अधिक प्रभावित है। वहां के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में 42,000 हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की सबसे बड़ी वन अग्नि माना जा रहा है। इस साल की शुरुआत से अब तक पूरे देश में 98,000 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र आग की चपेट में आ चुका है। दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस से ही 2 लाख 20 हजार से अधिक लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित किया गया है।
स्पेन में भी जंगल की आग अभी भी फैल रही है। मैड्रिड और अविला के आसपास के इलाकों से 90,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर ले जाया गया है। अधिकारियों के अनुसार आग से लगभग 77,000 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। मैड्रिड में मौजूद पर्यटकों ने हवाई अड्डे के पास आग और धुएं को देखा है। न्यूजीलैंड से आए एक जोड़े ने शहर के अपने होटल में भी धुएं की गंध महसूस की। शनिवार को वेलेंसिया क्षेत्र की एक छोटी आग में एक आम नागरिक की मौत हुई। इसी सप्ताह की शुरुआत में फ्रांस के बोर्डो के पास भीषण आग बुझाने के दौरान दो अग्निशमनकर्मियों ने अपनी जान गंवाई थी। फ्रांस के जिरोन्ड क्षेत्र में 2,500 से अधिक अग्निशमनकर्मी तैनात हैं, जिनमें एक स्विस टीम भी शामिल है। इसके अलावा बड़ी संख्या में सेना और पुलिसकर्मी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने, बचाव कार्यों में सहायता करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में लगे हुए हैं।