Skip to main content

चीन ने अपने नागरिकों की यात्राओं पर व्यापक प्रतिबंध लगाए

चीन ने मंगलवार से अपने नागरिकों की यात्राओं पर व्यापक प्रतिबंध लागू कर दिया है। उन व्यक्तियों को देश छोड़ने पर रोक लगाई जाएगी जिन्हें देश की ‘औद्योगिक या प्रौद्योगिकी सुरक्षा’ के लिए खतरा माना गया है। जुलाई में पारित किए गए ये नए प्रवेश और प्रस्थान नियम विशेष रूप से तकनीकी आयात-निर्यात नियमों का उल्लंघन करने वाले नागरिकों पर लागू होंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले विशेष रूप से निशाने पर होंगे। बीजिंग स्थित स्टेट काउंसिल ने इन नए नियमों के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

स्टेट काउंसिल ने बताया कि ‘राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और विकास के हितों की रक्षा’ के लिए ये नियम बनाए गए हैं। ये नियम केवल चीन के भीतर रहने वाले लोगों पर ही लागू नहीं होंगे, बल्कि विदेश में आपराधिक कृत्यों में लिप्त पाए जाने वाले चीनी नागरिकों पर भी लागू होंगे। ऐसे मामलों में शामिल नागरिकों को चीन लौटने की तारीख से कुछ समय तक देश छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। स्टेट काउंसिल ने कहा है, ‘चीन लौटने के दिन से छह महीने से तीन साल तक उन्हें देश छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।’ चीन और अमेरिका के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा तेज होने के कारण ये प्रतिबंध लागू किए गए हैं। दोनों देशों ने हाल के महीनों में एक-दूसरे पर स्थानीय स्तर पर विकसित AI मॉडल चोरी करने के आरोप लगाए हैं।