Skip to main content

गाजा युद्ध के चलते क्षतिग्रस्त इमारत गिरने से 20 लोगों की मौत

गाजा में इजरायल के साथ जारी युद्ध के कारण क्षतिग्रस्त एक आवासीय इमारत के गिरने से कम से कम 20 फिलस्तीनियों की मौत हो गई है। मृतकों में पांच बच्चे और कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। फिलिस्तीनी सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार बुधवार को छह मंजिला यह इमारत गिर गई। इमारत के मलबे में दर्जनों लोग दबे हुए बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मलबे के नीचे से बच्चों की सहायता के लिए चीखने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। नागरिक सुरक्षा दल जीवित लोगों की तलाश कर रहा है।

गाजा नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रवक्ता महमूद बसाल ने बताया कि मलबे से मृतकों को निकालने और लापता लोगों की खोज का काम जारी है। उनके अनुसार, मलबे के नीचे अभी तक लगभग 100 लोग फंसे होने की आशंका है। बचाव दल के पास आवश्यक उपकरण न होने के कारण मलबे में फंसे लोगों को निकालना बहुत कठिन हो रहा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह इमारत इजरायली बमबारी के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थी। इमारत बुरी तरह टूट-फूट गई थी और संरचनात्मक रूप से कमजोर हो गई थी।

गाजा शहर के मेयर याह्या अल-सरराज ने बताया कि युद्ध के कारण शहर के कई घर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, और यह घटना पहली भी नहीं है और शायद आखिरी भी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि नगरपालिका और नागरिक सुरक्षा विभाग के पास पर्याप्त संसाधन और उपकरण नहीं होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। गाजा के सरकारी संचार कार्यालय ने इस घटना के लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है। –अलजजीरा की सहायता से