रूस चन्द्रमा सतह पर काम करने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए ‘लूनर टेस्ट साइट’ विकसित कर रहा है
रूस की फेडरल मेडिकल एंड बायोलॉजिकल एजेंसी (एफएमबीए) चंद्रमा की सतह पर काम करने वाले अंतरिक्ष यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए एक स्थलीय नमूना क्षेत्र—’ग्राउंड-बेस्ड एनालॉग कॉम्प्लेक्स’—का निर्माण कर रही है। एफएमबीए के एक अधिकारी ने रूसी समाचार एजेंसी टास को इस बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने टास से कहा, ‘एफएमबीए का अंतरिक्ष चिकित्सा और जीवविज्ञान केंद्र इस क्षेत्र का विकास कर रहा है और इसे रूस की अंतरिक्ष उद्योग की एक रणनीतिक प्राथमिकता माना जा रहा है। विशेष रूप से, वे “लूनर टेस्ट साइट” के निर्माण में सक्रिय हैं, जो चंद्रमा की सतह जैसा वातावरण उत्पन्न करेगा और अंतरिक्ष यात्रियों को वहाँ काम करने का प्रशिक्षण देगा।’
इस केंद्र में अंतरिक्ष यात्री यान से बाहर निकलने की गतिविधियों का अभ्यास करेंगे। इसमें यान से बाहर निकलना, लॉक लगाना, उपकरणों की मरम्मत और नवीनिकरण करना, तथा निवास मॉड्यूल में लौटने के बाद चंद्रमा की धूल साफ करना जैसी आवश्यक कौशल सिखाए जाएंगे। चंद्रमा की सूक्ष्म धूल के प्रभाव से निपटने के उपाय विकसित करने, आपातकालीन स्थितियों के लिए प्रोटोकॉल तैयार करने, और दीर्घकालीन तनावों के बीच मानव स्वास्थ्य का मूल्यांकन करने के लिए इस केंद्र में एक अलग इकाई प्रस्तावित है। यहाँ मनोवैज्ञानिक पहलू और चालक दल के टीमवर्क का परीक्षण भी किया जाएगा।
साथ ही, उड़ान के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों की संवेदी और वेस्टिबुलर प्रणाली को अनुकूल बनाने के लिए एफएमबीए विशेष सिम्युलेटर विकसित कर रहा है। चंद्रमा पर पूर्ण काम शुरू करने की तैयारी में चालक दल की तत्परता का आकलन करने के तरीके भी विकसित किए जा रहे हैं। परियोजना की जटिलता को समझाते हुए अधिकारी ने कहा, ‘यह चिकित्सा, शरीर विज्ञान और इंजीनियरिंग का त्रिवेणी मिश्रण है, जिसमें रूस की एफएमबी के पास देश में विशिष्ट क्षमता उपलब्ध है।’